जेफ बेजोस की कंपनी को बड़ा झटका, सभी कर्मचारी सुरक्षित
फ्लोरिडा: एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के साथ प्रतिस्पर्धा की दौड़ में जेफ बेजोस की अंतरिक्ष उद्यम कंपनी ब्ल्यू ओरिजिन को बड़ा झटका लगा है. गुरुवार को फ्लोरिडा में एक टेस्ट के दौरान कंपनी का न्यू ग्लेन रॉकेट लॉन्चपैड पर ही भीषण विस्फोट के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ब्लू ओरिजिन ने कहा कि उसे एक अनोमली का अनुभव हुआ है. यह एक ऐसा शब्द है, जिसका इस्तेमाल रॉकेट कंपनियां आमतौर पर लॉन्च फेलियर या धमाके के लिए करती हैं. मस्क ने न्यू ग्लेन धमाके के एक वीडियो को लेकर 'एक्स' पर कहा, "बहुत बुरा हुआ. रॉकेट बहुत मुश्किल होते हैं."
फ्लोरिडा से स्पेस लॉन्च की लाइव स्ट्रीमिंग करने वाले यूट्यूब चैनल नासास्पेसफ्लाइट द्वारा जारी वीडियो के अनुसार, यह हादसा स्थानीय समयानुसार गुरुवार रात 9 बजे (भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह 6:30 बजे) हुआ. वीडियो में देखा जा सकता है कि लॉन्चपैड पर मौजूद न्यू ग्लेन रॉकेट ने जैसे ही आग पकड़ी, वह अचानक एक विशाल आग के गोले में तब्दील हो गया. इस भयानक विस्फोट के बाद आसमान में आग की लपटें और धुएं का एक ऊंचा गुबार उठता हुआ दिखाई दिया.
